एसडीओ राकेश ने जल्द समाधान का दिया आश्वासन
भरवाईं (ऊना)। डाडासीबा क्षेत्र के तहत आने वाले शीतला गांव में पिछले कई दिनों से पानी की आपूर्ति बाधित रहने की समस्या पर जल शक्ति विभाग की टीम शुक्रवार को मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि नलों में पानी नहीं आ रहा, जिससे पीने व घरेलू उपयोग दोनों में दिक्कत हो रही है।
शिकायत पर संज्ञान लेते हुए डाडासीबा उपमंडल के जल शक्ति विभाग के एसडीओ राकेश स्वयं गांव पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने स्थिति का जायजा लेते हुए विभागीय टीम को सप्लाई लाइन की गहन जांच के निर्देश दिए।
एसडीओ राकेश ने आश्वासन दिया कि पाइपलाइन में आ रही तकनीकी समस्या को शीघ्र दूर किया जाएगा ताकि सभी प्रभावित घरों में नियमित पानी की आपूर्ति बहाल की जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कहीं रिसाव या ब्लॉकेज पाया जाता है तो उसकी मरम्मत तुरंत की जाएगी।
ग्रामीणों ने विभाग के त्वरित हस्तक्षेप की सराहना करते हुए कहा कि अब उन्हें उम्मीद है कि पानी की किल्लत जल्द समाप्त होगी। शीतला गांव में विभागीय टीम की यह सक्रियता लोगों के लिए राहत और भरोसे का संदेश लेकर आई है।