पीडब्ल्यूडी कार्यालय की तीसरी मंजिल से रिकॉर्ड नहीं उठा रहा जल शक्ति विभाग
रिकॉर्ड और अन्य सामान बिखरा, सफाई के अभाव में गंदगी और मक्कड़जाल ने डेरा जमाया
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। लोक निर्माण विभाग के ऊना स्थित कार्यालय की तीसरी मंजिल खंडहर बनती जा रही है। इस मंजिल में इस समय सिर्फ फाइलें और धूल जमी कुर्सियां पड़ी हैं। पहले यहां जल शक्ति विभाग मंडल-2 का कार्यालय हुआ करता था, लेकिन जून 2025 में इसके थानाकलां शिफ्ट होने के बाद यह मंजिल खंडहर में तब्दील होती जा रही है। भवन की दूसरी मंजिल पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सहित कई अधिकारी-कर्मचारी कार्यरत हैं, जबकि तीसरी मंजिल की सुध लेने वाला कोई नहीं है। रिकॉर्ड और अन्य सामान बिखरा पड़ा है, सफाई के अभाव में गंदगी और मक्कड़जाल ने डेरा जमा लिया है। पहले यहां जब जल शक्ति विभाग का दफ्तर था तो लोगों की आवाजाही बनी रहती थी, लेकिन अब स्थिति यह है कि जगह-जगह बीड़ी सिगरेट के टोटे बिखरे नजर आते हैं। करोड़ों रुपये की लागत से बने इस भवन की तीसरी मंजिल की मरम्मत को लेकर अभी तक कोई कदम नहीं उठाया गया है।
कोट्स
विभाग ने कार्यालय की मरम्मत का कार्य शुरू करवाया हुआ है। लेकिन, इस कार्यालय में जल शक्ति विभाग का रिकॉर्ड होने से मरम्मत कार्य नहीं हो पा रहा है। रिकॉर्ड को उठाने संबंधी विभाग के अधिशासी अभियंता को पत्राचार भी किया गया है। जैसे ही रिकॉर्ड को उठा लिया जाता है विभाग की ओर से मरम्मत कार्य करवा लिया जाएगा। -ई. कुलदीप सिंह ठाकुर, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग ऊना।