ऊना/टाहलीवाल (ऊना)। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रियंका कश्यप ने मंगलवार को टीम के साथ जिले में करीब आधा दर्जन जगहों पर छापे मारे। विभाग की अचानक कार्रवाई से दुकानदारों एवं ढाबा मालिकों में हड़कंप मच गया।
छापे की सूचना मिलते ही कई दुकानदार दुकानें बंद करके खिसक लिए। टीम ने कई दुकानों से तंबाकू के पैकेट भी जब्त किए और ढाबों पर सफाई व्यवस्था जांची। इसके अलावा टीम ने तीन अलग-अलग जगहों से तीन दुकानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए कंडाघाट स्थित सिटीएल लैब में भेजे। इस दौरान जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने खाद्य पदार्थ बेचने वाले दुकानदारों को लाइसेंस और सुरक्षा मानकों को पूरा करने की हिदायत भी दी। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रियंका कशयप ने टीम के साथ जिला मुख्यालय के साथ लगते गांव रामपुर, मैहतपुर, बहडाला, टाहलीवाल, बाथू तथा संतोषगढ़ नगर में करीब 50 से अधिक दुकानों में छापे डाले।
प्रियंका कश्यप ने बताया कि छापे के दौरान ढाबों में रखा करीब 10 किलो मसाला फेंका गया। इसके अलावा तीन दुकानों से सैंपल जांच के लिए कंडाघाट लैब में भेजे हैं। इसमें मैहतपुर में अदरक-लहसुन पेस्ट, टाहलीवाल में हल्दी पाउडर और एक दुकान से सरसों के तेल का सैंपल लिया गया। उन्होंने बताया कि टीम ने छापे के दौरान दुकानों से तंबाकू के 20 पैकेट जब्त किए हैं। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि नियमों की अवहेलना करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि नियम की अवहेलना करने वालों को खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।