बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा की पीपलू पंचायत के हटवाना क्षेत्र के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने वाली है। हटवाना श्मशानघाट तक सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत हो चुकी है। इस कार्य को किसी सरकारी योजना या बजट से नहीं, बल्कि स्थानीय बीडीसी सदस्य और समाजसेवी राज कुमार मनकोटिया ने अपनी निजी आय से प्रारंभ किया। उन्होंने जेसीबी लगाकर लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क निकालने का कार्य आरंभ किया, जिससे अब क्षेत्र के दर्जनों गांवों को राहत मिलने की उम्मीद है।
हटवाना श्मशानघाट से जुड़े पीपलू पंचायत और आसपास के कई गांवों के लोग लंबे समय से अंतिम संस्कार के समय भारी कठिनाइयों का सामना कर रहे थे। स्थानीय निवासी जनक सिंह, मुकेश कुमार, बलजीत सिंह, दिलबाग सिंह, दिनेश कुमार, सुरेश कुमार ने राज कुमार मनकोटिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जब कई बार पंचायत, प्रशासन और सरकार तक गुहार लगाने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला, तब उन्होंने यह मांग सीधे राज कुमार मनकोटिया के समक्ष रखी। राज कुमार ने इसे जन समस्या मानते हुए व्यक्तिगत खर्च पर सड़क निर्माण का बीड़ा उठाया।