उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि विकास के नए मील पत्थर हरोली की पहचान बने हैं और आज विकास के तोहफों की बदौलत हरोली विधानसभा क्षेत्र के नाम का डंका पूरे प्रदेश में बज रहा है। सोमवार को पंजावर में 60 लाख की लागत से बनने वाले संपर्क मार्ग पंडोगा, पंजावर जोल मोहल्ला के भूमि पूजन, हरोली में प्रदेश के 68वें रोजगार उप कार्यालय का शुभारंभ और पूबोवाल में प्रदेश कामगार कल्याण बोर्ड की योजना के तहत पात्र 721 महिलाओं को वाशिंग मशीनें, इंडक्शन चूल्हे और साइकिलें वितरित करने के अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र को पिछले 4 सालों के दौरान विकास के नए पंख लगे हैं।
उन्होंने एलान किया कि पंजाब में सड़क के निर्माण के दौरान पूरा पंजावर बाजार कंक्रीट का किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजावर में 124 नंबर ट्यूबवेल ड्रिल हो रहा है और 25 लाख की लागत से यहां सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा। उद्योग मंत्री ने कहा कि ईसपुर में उपतहसील, खड्ड में गवर्नमेंट कॉलेज, भदसाली में सब्जी मंडी और पंडोगा में डेढ़ सौ करोड़ की लागत से नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के अलावा और पंडोगा लोअर में आईटीआई खोली जा रही है। हरोली में 13 करोड़ से बने भव्य सचिवालय का लोकार्पण 31 मार्च को किया जाएगा जबकि, 12 करोड़ से निर्मित सिविल अस्पताल का तोहफा भी इलाके की जनता को मिला है। उन्होंने कहा पालकवाह में 25 करोड़ से प्रदेश के पहले स्किल डेवलपमेंट सेंटर का काम युद्धस्तर पर चला हुआ है। बाथू में 15 करोड़ से राजीव गांधी कॉमन फेसिलिटी सेंटर का निर्माण किया गया है।
उद्योग मंत्री ने कहा खड्ड को फुटबॉल अकादमी और गवर्नमेंट कॉलेज का तोहफा मिला है। हरोली विधानसभा क्षेत्र में फायर ब्रिगेड की मांग भी लंबे अरसे से की जा रही थी और अब औद्योगिक नगरी टाहलीवाल में फायर ब्रिगेड कार्यालय खोल दिया गया है। उद्योग मंत्री ने कहा कि हरोली में हो रहे विकास पर कुछ लोगों को परेशानी भी हो रही है, लेकिन वह हरोली के विकास को लगातार आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश भवन निर्माण एवं अन्य कामगार कल्याण बोर्ड की सचिव एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी ज्योति राणा, उपनिदेशक रोजगार केके शर्मा, हरोली ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष रणजीत राणा, बाबा संतोष बिट्टू, जिला परिषद सदस्य सुभद्रा देवी, कामरेड जगतराम, सुरेखा राणा, एडवोकेट धर्म सिंह, मधु धीमान, विनोद बिट्टू, बलवीर चौधरी, राकेश दत्ता, पवन राणा, जोगिंद्र मनकोटिया, प्रमोद चौधरी, अवतार सिंह टीटा, उपनिदेशक उद्योग अंशुल धीमान, उपनिदेशक फैक्ट्रीज एसके धीमान, जिला रोजगार अधिकारी रमेश कटोच, तहसीलदार विजय राय, बलबीर राणा व बख्शीश सिंह सहित कई गण्यमान्य लोग उपस्थित थे।