उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने वीरवार को हरोली हलके के बीत क्षेत्र में जनता को करीब 12 करोड़ की सौगातें दीं। इनमें 6 करोड़ की लागत से स्तरोन्नत होने वाली लालूवाल-गोंदपुर सड़क के अलावा गोंदपुर बुला में 50 कनाल भूमि में 2 करोड़ की लागत से बने महात्मा गांधी पार्क का लोकार्पण भी शामिल था। उन्होंने 1 करोड़ 32 लाख की लागत से अमराली-गहुआ सड़क के निर्माण कार्य का शुभारंभ, दुलैहड़ में 2 करोड़ 47 लाख की लागत से निर्मित होने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन का शिलान्यास व भडियारा में 15 लाख से निर्मित वर्षा शालिका का लोकार्पण भी किया।
दुलैहड़ व गोंदपुर बुला में जनसमूह को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री ने कहा कि वह सिर्फ विकास, गरीब की सेवा और कल्याण की राजनीति में यकीन रखते हैं और आलोचनाओं से बेपरवाह होकर हरोली विधानसभा क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा बीत क्षेत्र में बदलाव की नई कहानी लिखी गई है और यह प्रदेश के अग्रणी विकसित क्षेत्रों की कतार में भी खड़ा हो गया है। पूबोवाल में आईटीआई का भव्य भवन भी बनकर तैयार हो गया है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि 44 करोड़ की लागत से बीत क्षेत्र में पानी पहुंचाया जा रहा है और जल्द लोगों को इस योजना का लाभ मिलने से बीत के खेत लहलहाने लगेंगे। उन्होंने कहा 6 करोड़ की लागत से लालूवाल-गोंदपुर सड़क स्तरोन्नत करते हुए पूरा दुलैहड़ सीमेंट का किया जाएगा जो बड़ी तेजी से एक गांव से एक आदर्श नगर में तबदील हो रहा है। यहां उपतहसील खोली गई है जिसका भवन जल्दी बनकर तैयार हो जाएगा। यहां भव्य बस अड्डा बन रहा है। पांच करोड़ की लागत से यहां छात्रावास बनाया गया है। जलाशय का सुंदरीकरण किया गया है।
दुलैहड़ के स्टेडियम के दूसरे चरण के निर्माण के लिए 85 लाख जारी किए गए हैं और इसके तीसरे चरण का भी निर्माण किया जाएगा। यहां इंडोर स्टेडियम भी बनेगा। दुलैहड़ में युवाओं को दो जिम प्रदान किए गए हैं। यहां कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के बिल्डिंग का भी जल्द ही शिलान्यास किया जाएगा। यहां 2 करोड़ 47 लाख की लागत से सीएचसी भवन 15 अगस्त तक बन कर तैयार हो जाएगा। उद्योग मंत्री ने कहा कि हरोली में 13 करोड़ से सिविल अस्पताल निर्मित करने के अलावा कुंगढ़त, दुलैहड़ और भदसाली को सीएचसी के तोहफे दिए गए हैं। जल्द कुठार बीत और बीटन में पीएचसी खोली जा रही है। उद्योग मंत्री ने कहा कि 2 करोड़ से गोंदपुर पार्क का निर्माण चंडीगढ़ के पार्कों की तर्ज पर किया गया है।
इस अवसर पर डीसी विकास लाबरू, हरोली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत राणा, खादी बोर्ड के निदेशक सतीश बिट्टू, सुभद्रा देवी, मास्टर राज कुमार, युवा कांग्रेस अध्यक्ष नछत्तर सिंह, आशा कौशल, मुनीष राणा, अमनदीप मोनी, विनोद बिट्टू, रीटा देवी, राणा मंदर सिंह, पंडित राममूर्ति, उपनिदेशक उद्योग अंशुल धीमान, एसडीएम धनवीर ठाकुर, एसई लोक निर्माण पीसी बंधन, एक्सईएन जीएस राणा, एक्सईएन एसआईडीसी एमआर कंवर, सीएमओ डॉ. प्रकाश दरोच, डॉ. निखिल सहित कई गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।