ऊना। जिले में कोरोना संक्रमण का कहर लगातार जारी है। बुधवार को अंब क्षेत्र की एक 75 वर्षीय कोरोना संक्रमित महिला की टांडा मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत रिपोर्ट हुई है। जबकि, बुधवार को 39 पुलिस कर्मियों समेत 221 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं।
जानकारी के अनुसार अंब के करलूही की 75 वर्षीय महिला पांच जनवरी को सिविल अस्पताल अंब में कोरोना संक्रमित पाई गई। महिला को पालकवाह भेजा गया। यहां से उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। टांडा में बीती 17 जनवरी को महिला की मौत हो गई। अब तक जिले में 266 कोरोना संक्रमितों की मौत रिपोर्ट हो चुकी है।
उधर, बुधवार को जिले के 1031 सैंपलों की जांच में 221 कोरोना संक्रमित मिले हैं। कोरोना पॉजिटिविटी की दर 19.10 प्रतिशत रही। आरटीपीसीआर लैब रिपोर्ट में 231 सैंपल निगेटिव और 38 पॉजिटिव मिले हैं। इनमें 21 नए मामले और 19 मामले फॉलोअप हैं। जबकि, रैपिड एंटीजन टेस्ट में 888 सैंपलों की जांच में 200 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। रैट में अंब स्वास्थ्य खंड में 151 सैंपलों की जांच में 37 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। बसदेहड़ा (सदर) स्वास्थ्य खंड में 267 सैंपलों की जांच में 66 पॉजिटिव, गगरेट में 144 सैंपलों की जांच में 30 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इसी तरह हरोली स्वास्थ्य खंड में 192 सैंपलों की जांच में 27 पॉजिटिव, थानाकलां में 62 सैंपलों की जांच में छह कोरोना संक्रमित हैं।
क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में 72 सैंपलों की जांच की गई। इनमें से 34 पॉजिटिव मिले हैं। रैपिड एंटीजन टेस्ट में फर्स्ट आईआरबीएन बनगढ़ के 39 पुलिस कर्मी कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसी तरह टाहलीवाल के एक उद्योग से लगातार कोरोना संक्रमित कर्मी मिल रहे हैं। बुधवार को इस उद्योग के 22 कामगार कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
पीएनबी नारी से दो, दौलतपुर चौक एसबीआई से एक, क्षेत्रीय अस्प्ताल से एक मामला सामने आया है। कुल 221 मामलों में से 22 मामले 18 वर्ष से कम के हैं। सीएमओ डा. रमन कुमार शर्मा ने बताया कि सभी मामलों में हेल्थ प्रोटोकॉल के अनुसार कार्रवाई अमल पर लाई जा रही है। उन्होंने लोगों से नियमों का पालन करने और लक्षण होने पर कोविड जांच करवाने की अपील की है।