ऊना में झुग्गियों में लगी अाग।
- फोटो : अमर उजाला
जिला मुख्यालय के पुराना होशियापुर रोड पर लालसिंगी गांव में वीरवार दोपहर को प्रवासी मजदूरों की करीब सौ झुग्गियां आग की भेंट चढ़ गईं। अग्निकांड में करीब सात लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। प्रवासी मजदूरों की नकदी, राशन और घरेलू सामान जल गया है।
वीरवार को पूरा दिन चली आंधी के कारण आग और भी भयानक हो गई, जिससे मौके पर पहुंचे दमकल कर्मचारियों को आग बुझाने में कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा। कई प्रवासी श्रमिकों और उनके बच्चों ने भाग कर जान बचाई। आग लगने के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
जानकारी के अनुसार वीरवार दोपहर करीब डेढ़ बजे लालसिंगी स्थित प्रवासी मजदूरों की झुग्गियों में अचानक आग की लपटें निकलने लगीं। आग ने तेज हवाओं के चलते देखते ही देखते रौद्र रूप धारण कर लिया और एक के बाद एक करीब सौ झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। दमकल विभाग की टीम मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का खूब प्रयास किया, लेकिन तेज हवाओं और रास्ता न होने के कारण राहत कार्य में परेशानी आई। दमकल विभाग ने करीब सात लाख के नुकसान का अनुमान लगाया है। जिला प्रशासन की ओर से आग की घटना के प्रभावितों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। आग में मजदूरों के बिस्तर, बर्तन सहित अन्य कीमती सामान पूरी तरह से राख हो गया। दमकल विभाग के कार्यकारी प्रभारी कर्मचंद ने बताया आग को कड़ी मशक्कत के बाद काबू किया गया है।