ऊना। छुट्टियों के चलते डीजल के टैंकर नहीं पहुंचने पर एचआरटीसी को बसों के संचालन के लिए सोमवार को डीजल की राशनिंग करनी पड़ी। ऊना आईएसबीटी स्थित एचआरटीसी के पंप पर बसों के डीजल टैंक को फुल नहीं भरा गया। वहीं, दिल्ली और चंडीगढ़ जाने वाली बसों को जाते समय पूरा डीजल दिया गया जबकि वापसी के दौरान दूसरे डिपो की बसों को करीब 50 से 60 लीटर डीजल ही दिया गया।
निगम के अधिकारियों के अनुसार, बसों के सुचारु संचालन को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। लंबे रूट पर चलने वाली बसों को जरूरत के मुताबिक डीजल दिया जा रहा है। इसके तहत उपलब्ध ईंधन का प्रबंधन करते हुए बसों को उनके गंतव्य और संबंधित डिपो तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।
एचआरटीसी के ऊना डिपो के पास पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध है। हालांकि, दो दिन के अवकाश के कारण तेल के टैंकर नहीं पहुंच पाए हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए निगम ने एहतियातन डीजल की राशनिंग की है ताकि उपलब्ध ईंधन का व्यवस्थित तरीके से इस्तेमाल किया जा सके और बस सेवाएं प्रभावित न हों।
निगम के अनुसार, मंगलवार को तेल का टैंकर पहुंच जाएगा। इसके बाद डीजल की आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद है।
डीजल की किल्लत नहीं है लेकिन अवकाश के कारण तेल के टैंकर नहीं पहुंचे हैं। ऐसे में विभिन्न रूटों पर चलने वाली बसों को दिक्कत न हो, जरूरत के अनुसार ही डीजल आवंटित किया गया है। मंगलवार को डीजल की सप्लाई पहुंच जाएगी।
-राजेश जोशी, कार्यकारी उपमंडलीय प्रबंधक एचआरटीसी ऊना डिपो