गगरेट में चिट्टे के साथ पकड़ा आरोपी। स्रोत पुलिस विभाग
एक सप्ताह में पुलिस ने नशे की दूसरी बड़ी खेप पकड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
गगरेट (ऊना)। उपमंडल गगरेट में चिट्टा तस्करों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने 50.30 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। एक सप्ताह के भीतर ही पुलिस ने चिट्टा की दूसरी बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है। इस बार पुलिस के हाथ पंजाब का चिट्टा तस्कर लगा है। पुलिस ने मादक द्रव्य पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर शिवबाड़ी के समीप एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के एएसआई सुरेश कुमार की अगुवाई में पुलिस ने नाकेबंदी की थी। इस दौरान एक स्कूटी चालक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जब उस व्यक्ति के लंच बॉक्स को खोलकर जांच की गई तो उसमें चिट्टा बरामद हुआ। इसका वजन 50.30 ग्राम पाया गया। आरोपी की पहचान दीपक कश्यप (28) पुत्र हरविंदर सिंह निवासी बहादुरपुर होशियारपुर पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सूत्रों की मानें तो पंजाब के होशियारपुर का बहादुरपुर चिट्टा तस्करी का अड्डा बन गया है। हिमाचल के चिट्टा तस्कर वहीं से चिट्टा लाकर तस्करी कर रहे हैं। पुलिस ने कुछ दिन पहले ही मंडी जिला के दो युवकों को करीब 30 ग्राम चिट्टे सहित गिरफ्तार किया था। पुलिस रिमांड के दौरान उन्होंने इस बात का खुलासा किया था कि वह होशियारपुर से चिट्टा लेकर आए हैं। एएसपी संजीव भाटिया ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने होशियारपुर के एक युवक से 50.30 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है