प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चिंतपूर्णी में मंदिर रोड पर बने मुख्य पुलिस बैरियर पर श्रद्धालुओं के साथ दुर्व्यवहार करने और कथित तौर पर जेब गर्म करने के मामले को लेकर दो होमगार्ड जवानों को ड्यूटी से हटा दिया गया है।
दोनों को कंपनी कमांडर कार्यालय भेजा गया है। मामले की पुष्टि विभाग के कंपनी कमांडर रोजूदीन ने की है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को बैरियर पर श्रद्धालुओं ने उस समय बखेड़ा खड़ा कर दिया जब ड्यूटी पर तैनात दो होमगार्ड जवानों ने मंदिर रोड पर गाड़ी को भेजने के िलए कथित तौर पर जेब गर्म करने की बात की।
इस पर श्रद्धालुओं की होमगार्ड जवानों के साथ काफी देर तक बहस होती रही। जालंधर के श्रद्धालुओं का आरोप था कि मौके पर तैनात होमगार्ड के जवान पैसे लेकर गाड़ियों को मंदिर रोड पर भेज रहे थे और जब उन्होंने अपनी गाड़ी को बैरियर से आगे ले जाने का आग्रह किया तो उन्होंने गाड़ी को आगे ले जाने को लेकर पैसों के लेनदेन की बात की। इस पर विवाद खड़ा हो गया।
श्रद्धालुओं का आरोप था कि होमगार्ड जवानों ने उनके साथ बदतमीजी भी की और पैसों की मांग भी की। मौके पर काफी देर तक हुई इस नोकझोंक में ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बनी रही। बताया जा रहा है कि उक्त सारा घटनाक्रम बैरियर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
श्रद्धालुओं ने इस सारे मामले की जानकारी यातायात प्रभारी अमरीक सिंह को दी। यातायात प्रभारी ने मामले को बिगड़ता देख श्रद्धालुओं की शिकायत पर मंदिर अधिकारी सुभाष चौहान और होमगार्ड के कंपनी कमांडर को मामले की लिखित शिकायत देकर अवगत करवाया।
इस पर कंपनी कमांडर ने कार्रवाई अमल में लाते हुए होमगार्ड जवानों को ड्यूटी से तबदील कर कंपनी कमांडर कार्यालय हरोली भेज दिया है।
इस संबध में मंदिर अधिकारी सुभाष चौहान का कहना है कि यातायात प्रभारी ने उन्हें जानकारी दी थी जिसको लेकर कंपनी कमांडर को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
उधर, यातायात प्रभारी अमरीक सिंह का कहना है कि मुख्य बैरियर पर श्रद्धालुओं के साथ ऐसे मामले के बारे में उन्हें जानकारी मिली थी, जिस पर उन्होंने मंदिर अधिकारी और कंपनी कमांडर को अवगत करवाया। इन जवानों के बारे में पहले भी ऐसी मौखिक शिकायतें आती रही हैं।
वहीं होमगार्ड के कंपनी कमांडर रोजूदीन का कहना है कि मामले की जानकारी उन्हें मिली थी। दोनों होमगार्ड जवानों को तबदील कर कंपनी कार्यालय भेज दिया गया है।