फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Una News: दौलतपुर–करटोली रेल लाइन पर तेज रफ्तार ट्रायल, दो इंजनों से 110 किमी/घंटा पर परखी गई पटरी

Tue, 24 Mar 2026 07:06 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊना
विज्ञापन
करतोली रेलवे स्टेशन पर स्पीड ट्रायल के तैयार दोनों इंजन। संवाद
विज्ञापन
दौलतपुर चौक (ऊना)। क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित दौलतपुर करटोली रेल प्रोजेक्ट ने अब रफ्तार पकड़ ली है। अंतिम ट्रायल से पहले भारतीय रेलवे ने ट्रैक की मजबूती जांचने के लिए दो इंजनों को तेज गति से दौड़ाकर बड़ा तकनीकी परीक्षण किया जिससे परियोजना के जल्द शुरू होने की उम्मीद और मजबूत हो गई है। दौलतपुर से करटोली रेलवे स्टेशन तक तैयार नई रेल लाइन पर किए गए इस परीक्षण के दौरान ट्रैक को करीब 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पर परखा गया। रेलवे अधिकारियों की निगरानी में हुए इस ट्रायल में लाइन की स्थिरता, संतुलन और सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई।
विज्ञापन

दो इंजनों को एक साथ दौड़ाकर यह सुनिश्चित किया गया कि ट्रैक भारी लोड और तेज गति दोनों परिस्थितियों में पूरी तरह सुरक्षित है। यह परीक्षण रेलवे के उच्च मानकों के अनुसार किया गया ताकि भविष्य में यात्री सेवाओं के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना के तहत करटोली रेलवे स्टेशन को अत्याधुनिक सुविधाओं से तैयार किया गया है। स्टेशन भवन का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और यह परियोजना दौलतपुर चौक से तलवाड़ा तक कनेक्टिविटी बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगी। करीब 10.55 किलोमीटर लंबे इस नए ब्रॉडगेज रेलखंड का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। लगभग 677 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस परियोजना के लिए करीब 38.37 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया गया था। इस रेलखंड की सबसे बड़ी खासियत लगभग 7.80 किलोमीटर लंबा वायाडक्ट (उच्च पुल) है, जो इसे तकनीकी रूप से बेहद महत्वपूर्ण बनाता है और इंजीनियरिंग का उत्कृष्ट नमूना भी माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार मार्च में ही ट्रैक का अंतिम ट्रायल प्रस्तावित है। इसके सफल होने के बाद जल्द ही इस रेल लाइन पर नियमित रेल सेवाएं शुरू करने की तैयारी है। स्थानीय लोगों में इस परीक्षण को लेकर खासा उत्साह देखा गया। लंबे समय से इस रेल लाइन का इंतजार कर रहे लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है जिससे न केवल आवागमन सुगम होगा बल्कि क्षेत्र के व्यापार और विकास को भी नई गति मिलेगी। यदि सब कुछ तय योजना के अनुसार रहा तो आने वाले दिनों में दौलतपुर–करटोली रेल लाइन क्षेत्र की लाइफलाइन बनकर उभरेगी और विकास के नए रास्ते खोलेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें