ऊना। विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सूचना, शिक्षा एवं संप्रेषण प्रभाग की ओर से बुधवार को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के सभागार में जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अगुवाई मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार वर्मा ने की।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विशाल ठाकुर ने कहा कि विश्व हेपेटाइटिस दिवस मनाने का उद्देश्य लोगों को वायरल हेपेटाइटिस के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि हेपेटाइटिस लीवर में सूजन पैदा करने वाली गंभीर बीमारी है। समय पर जांच और उपचार से इस पर नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि हेपेटाइटिस के पांच प्रमुख वायरस ए, बी, सी, डी और ई हैं, जिनमें से अधिकांश संक्रमण से उचित सावधानियां अपनाकर बचाव संभव है। हेपेटाइटिस-बी संक्रमित रक्त के माध्यम से फैलता है।
जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी गोपाल कृष्ण ने बताया कि हेपेटाइटिस-ए और ई से बचाव के लिए हाथों की नियमित सफाई, उबला हुआ या स्वच्छ पानी पीना, व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली अपनाना जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान हिमकैप्स नर्सिंग संस्थान बढ़ेड़ा और नंदा नर्सिंग संस्थान जनकौर की छात्राओं ने भाषण एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में भाग लिया। स्वास्थ्य विभाग ने सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।