ऊना के कुंगड़त में जिम का उदघाटन करते उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री।
- फोटो : अमर उजाला
उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली हलके के पालकवाह में 2 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से हेलीपैड का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए सरकार ने धनराशि स्वीकृत कर दी है तथा जल्द टेंडर प्रक्रिया आरंभ कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
उद्योग मंत्री वीरवार देर सायं हरोली हलके के नंगलखुर्द और कर्मपुर पंचायतों में जलाशयों के जीर्णोद्धार कार्यों का शिलान्यास करने तथा कुंगड़त पंचायत में युवाओं के लिए जिम का लोकार्पण करने के अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उद्योग मंत्री ने कहा कि 25 करोड़ रुपये की लागत से पालकवाह में स्किल डेवलपमेंट सेंटर का निर्माण किया जा रहा है।
इस संस्थान के शुरू हो जाने से न केवल हरोली, जिला ऊना बल्कि प्रदेश भर के युवाओं को विभिन्न कौशलों में प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को हुनरमंद बनाने के लिए सरकार ने कौशल विकास भत्ता योजना प्रारंभ की है। इसके तहत सरकार किसी भी कौशल में प्रशिक्षण हासिल करने के लिए अधिकतम दो वर्ष की अवधि के लिए एक हजार, जबकि 50 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगों को 15 सौ रुपये प्रतिमाह कौशल विकास भत्ता प्रदान कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने वित्तीय वर्ष 2017-18 के दौरान 12वीं या इससे अधिक शिक्षित बेरोजगार युवाओं को एक हजार रूपये प्रतिमाह बेरोजगारी भत्ता प्रदान करने का निर्णय लिया है। प्रदेश के किसानों को ट्रैक्टर पर बार-बार लगने वाले टैक्स से निजात दिलाने के लिए प्रदेश सरकार ने बजट में कृषि कार्य में लगे ट्रैक्टरों को टैक्स में छूट दी है तथा टैक्स का सरलीकरण करने का निर्णय लिया है। जबकि, व्यावसायिक गतिविधियों में लगे ट्रैक्टरों के लिए एक मुश्त टैक्स लगाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के इन महत्वपूर्ण निर्णयों से प्रदेश के लाखों किसान परिवार लाभान्वित होंगे। इस अवसर पर बीडीसी हरोली के अध्यक्ष अवतार सिंह राणा, उपाध्यक्ष मलकीयत सिंह, प्रधान पालकवाह संदीप अग्निहोत्री, प्रधान कर्मपुर जगरूप सिंह, प्रधान कुंगड़त प्रवीण जोशी, प्रधान बट्टकलां उर्मिला देवी, कैप्टन शक्ति चंद, डीएफओ आरके डोगरा आदि उपस्थित रहे।