उना में लोगों के घरों में घुसा बारिश का पानी।
- फोटो : अमर उजाला
जिले में मूसलाधार बारिश ने जमकर कहर बरपाया। भारी बारिश से जिले के कई क्षेत्रों में भारी नुकसान हुआ है। हरोली विस के गांव खड्ड में पानी की निकासी न होने से घरों में बारिश का पानी घुस गया। जबकि, कई खेत-खलिहान पानी से लबालब हो गए। इससे मक्की फसल को नुकसान पहुंचा है। बरसाती पानी ने लोगों की मुसीबतें बढ़ा दीं। घरों में करीब दो-दो फुट पानी भरने से लोगों के फर्नीचर, फ्रिज सहित अन्य कीमती सामान को भारी नुकसान पहुंचा है।
सोमवार सुबह से शुरू हुई भारी बारिश का क्रम जिले के कई क्षेत्रों में दोपहर तक जारी रहा। इससे जन जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। खड्ड गांव में पानी निकासी की व्यवस्था न होने के चलते घरों में पानी घुसने से बरसात ने काफी नुकसान पहुंचाया। घरों में दो-दो फुट तक पानी भर गया। वहीं, ईसुपर की घुघनी खड्ड में तो पानी तटबंध के ऊपरी सिरे तक पहुंच गया था। खड्ड की चौड़ाई कम होने के कारण वहां पर पानी ऊपरी स्तह पर नजर आ रहा था।
स्थानीय निवासी स्वर्ण सिंह, सुनीता देवी, ज्ञानो देवी, सरवण कुमार, कमला देवी, तृषला रानी, रविकांत और घन श्याम ने कहा कि बरसात का पानी घरों में घुसने से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि कई बार प्रशासन को लिखित रूप में पानी निकासी का प्रबंध करने की गुहार लगाई, लेकिन आज तक उनकी समस्या का हल नहीं निकल पाया। उधर, जिले के कई स्थानों में खेतों में पानी भरने से किसान वर्ग की चिंताएं बढ़ गईं। उधर, मौसम विभाग के कार्यकारी अधिकारी विनोद शर्मा के मुताबिक अगले एक-दो दिन तक मौसम खराब रहने के आसार हैं।
नायब तहसीलदार ने किया दौरा
ईसपुर के नायब तहसीलदार रत्न चंद ने अपनी टीम सहित ईसपुर समेत क्षेत्र के अन्य कई हिस्सों का दौरा किया। भारी बरसात के चलते स्वां एवं अन्य सहायक खड्डों का जलस्तर भी काफी बढ़ गया है। लेकिन, बावजूद इसके स्वां तट किनारे बसे प्रवासी मजदूरों ने अभी डेरा जमा रखा है। निर्देश जारी होने के बावजूद प्रवासी मजदूर स्वां तट को खाली नहीं कर रहे हैं। उन्होंने स्वां किनारे बसे प्रवासी लोगों को तत्काल प्रभाव से हटने को निर्देश दिए हैं।