प्रबंधन ने लोगों की सुविधा के लिए शुरू की प्रक्रिया
एक ही छत के नीचे गायनी ओपीडी और वार्ड की मिलेगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। मातृ-शिशु अस्पताल ऊना में गायनी वार्ड को शिफ्ट करने के लिए अस्पताल प्रबंधन ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। आगामी माह तक इस वार्ड को क्षेत्रीय अस्पताल के पुराने भवन से शिफ्ट कर नए में स्थापित किया जाएगा। इसे लेकर प्रबंधन ने उपकरण और अन्य सामान स्थापित करने का काम शुरू कर दिया है।
करीब 30 करोड़ की लागत से बनाए गए मातृ-शिशु अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। वर्तमान में इस भवन में गायनी ओपीडी, पर्ची काउंटर, क्रस्ना लैब का संचालन किया जा रहा है। अब गायनी वार्ड को नए भवन में शिफ्ट करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इससे महिलाओं को बार-बार पुराने भवन के चक्कर लगाने से छुटकारा मिलेगा। साथ जांच के बाद अगर किसी महिला को अस्पताल में दाखिल करने की जरूरत पड़ती है तो उसका उपचार भी नए भवन में होगा।
इस वार्ड के शिफ्ट होने के बाद लेबर रूम, ऑपरेशन थियेटर को भी नए भवन में स्थापित किया जाएगा। इसके लिए अस्पताल में सभी उपकरण व बेड सहित अन्य सामान पहुंच गया है। इस भवन में सुचारु रूप से सेवाएं शुरू होने से महिलाओं और बच्चों को उपचार एक ही छत के नीचे मिलना शुरू हो जाएगा। दूसरी तरफ क्षेत्रीय अस्पताल के भवन से नए वार्ड शिफ्ट होने के बाद पुराना भवन खाली होने वाली जगह पर प्रबंधन की तरफ से अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं शुरू करने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
बॉक्स : शिशु रोग ओपीडी और वार्ड भी जल्द होगा शिफ्ट
वर्तमान में शिशु रोग ओपीडी और वार्ड पुराने भवन में चल रहा है। इसे भी मातृ शिशु अस्पताल के भवन में शिफ्ट किया जाना है। इसे लेकर आगामी समय में अस्पताल प्रबंधन प्रयास शुरू करेगा ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
कोट्स
गायनी वार्ड को मातृ-शिशु अस्पताल में शिफ्ट करने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आगामी माह तक इस कार्य को पूरा कर दिया जाएगा। लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
डॉ संजय मनकोटिया, चिकित्सा अधीक्षक क्षेत्रीय अस्पताल ऊना