ऊना। जिला ऊना के अंब अंदौरा से कोलकाता तक ट्रेन के सफर के लिए अभी और इंतजार करना होगा। प्रदेश में पंचायत चुनाव के चलते लगी आचार संहिता के कारण फिलहाल इस रेल के अंब अंदौरा से हरी झंडी देने का कार्यक्रम अटक गया है। हालांकि उत्तर रेलवे ने अधिकारिक तौर पर गुरुमुखी सुपरफास्ट साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन को अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन तक चलाने की मंजूरी प्रदान कर दी है। रेलवे विभाग के आलाधिकारियाें का कहना है कि प्रदेश में पंचायती राज चुनाव प्रक्रिया पूरी होने बाद ही इस रेल को अंब अंदौरा से हरी झंडी देकर कोलकाता रवाना किया जाएगा। यह रेल सप्ताह में एक दिन चलेगी। फिलहाल गुरुमुखी एक्सप्रेस कोलकाता से नंगल तक अपने तय समय अनुसार चलती रहेगी।
केंद्र सरकार की विस्तारीकरण की मंजूरी मिलने के बाद अंबाला रेलवे मंडल ने ट्रेन की समयसारिणी तय कर दी है। अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन से गुरुमुखी एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार सुबह 6:10 बजे निकलेगी, ऊना में 6:38 बजे पहुंचेगी। नंगल डैम रेलवे स्टेशन से अपने पहले के निर्धारित समय से 7 बजे ही कोलकाता के लिए रवाना होगी जो कि अगले दिन रविवार को दोपहर 2:50 बजे कोलकाता पहुंचेगी। कोलकाता रेलवे स्टेशन से यह रेल प्रत्येक वीरवार को सुबह 7:40 बजे रवाना होगी। गुरुमुखी एक्सप्रेस नंगल डैम रेलवे स्टेशन होते हुए ऊना रेलवे स्टेशन पर अगले दिन शुक्रवार शाम को 4:35 बजे पहुंचेगी। अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन पर पहुंचने का समय शुक्रवार शाम 5:10 बजे का रहेगा।
अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन से झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल की सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। श्री हरमंदिर पटना साहिब और तीर्थ स्थल गंगा सागर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिलेगी। अब अंबाला रेलवे मंडल की ओर से ट्रेन का नया शेड्यूल जारी किया जाएगा। इसके बाद ट्रेन का संचालन अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन तक शुरू होगा। इससे ऊना, अंब, गगरेट, टाहलीवाल और मैहतपुर जैसे औद्योगिक क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। इन क्षेत्रों में कार्यरत हजारों कर्मचारी उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल से जुड़े हैं, जिन्हें घर आने-जाने में सहूलियत मिलेगी।