विधायक सतपाल सत्ती ने जल्द प्रबंधन के साथ बैठक करने का दिया आश्वासन
वीरवार देर शाम सनौली और आसपास क्षेत्रों में पहुंची थी लीक हुई गैस
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। नंगल स्थित पीएसीएल उद्योग से गैस लीक की घटनाओं को लेकर अब स्थानीय ग्रामीणों को राहत की उम्मीद जगी है। ऊना क्षेत्र के विधायक सतपाल सत्ती ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि वे कंपनी प्रबंधन के उच्च अधिकारियों के साथ इस मुद्दे पर जल्द बैठक करेंगे। यह बैठक नवंबर माह के पहले सप्ताह में आयोजित की जाएगी, जिसमें कंपनी प्रबंधन, विधायक सतपाल सत्ती के साथ-साथ विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। बैठक में उद्योग से लीक होने वाली गैस को लेकर जवाब-तलब किया जाएगा। ऊना जिले की सीमावर्ती पंचायतें सनौली, मजारा, मलूकपुर और बीनेवाल सहित आसपास के क्षेत्रों में कई बार गैस लीक की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बताया जा रहा है कि पीएसीएल प्लांट से लीक होने वाली गैस हवा के साथ इन इलाकों में फैल जाती है, जिससे ग्रामीणों को आंखों में जलन और कभी-कभी बेहोशी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
वीरवार देर शाम भी सनौली व आसपास के क्षेत्रों में गैस लीक की घटना के बाद लोगों को आंखों में तेज जलन की शिकायत हुई। हालांकि किसी के बेहोश होने की सूचना नहीं मिली, परंतु इससे नाराज होकर ग्रामीणों ने गुरुद्वारे के समीप एकत्र होकर जोरदार रोष प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने पीएसीएल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ऊना मुख्यालय से दमकल विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तुरंत मौके पर भेजी गईं। एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने विधायक सतपाल सत्ती और एसडीएम ऊना से हस्तक्षेप की मांग की, ताकि इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सके।
विधायक सत्ती ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वे इस मामले को नंगल प्रशासन और जिला रूपनगर के उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाएंगे। उन्होंने कहा कि कंपनी प्रबंधन से बैठक कर आगामी रणनीति तैयार की जाएगी। सनौली पंचायत की प्रधान जसबीर कौर ने बताया कि जिला प्रशासन और विधायक सतपाल सत्ती ने जल्द बैठक करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि बैठक के बाद इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान निकलेगा।