भवन का 80 प्रतिशत कार्य पूरा, लोगों को जल्द मिलेगी सुविधा
वर्तमान भवन की हालत हो चुकी जर्जर, कई जगह से हो चुका क्षतिग्रस्त
करीब चार साल से चल रहा गगरेट अस्पताल के नए भवन का कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। गगरेट अस्पताल के नए भवन में आगामी वर्ष मार्च तक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलना शुरू हो जाएंगी। करीब 13 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे भवन निर्माण का 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य को पूरा करने के लिए काम तेज गति से चल रहा है। इस भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास वर्ष 2022 में तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किया था।
पंजाब के साथ सटे गगरेट क्षेत्र में निर्माणाधीन नागरिक अस्पताल गगरेट के भवन निर्माण ने अब रफ्तार पकड़ ली है। नागरिक अस्पताल गगरेट वर्तमान में पुराने और छोटे भवन में चल रहा है। इससे अस्पताल में नई मशीनें भी स्थापित नहीं हो पा रही हैं। इससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। नए अस्पताल भवन में सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इस चार मंजिला भवन में लिफ्ट सहित मरीजों के इलाज के लिए आधुनिक उपकरण और विशेषज्ञ चिकित्सक भी तैनात होंगे। ब्लड बैंक सहित इस भवन में मोर्चरी भी बनेगी। गगरेट अस्पताल में बेड की संख्या 50 की गई है। लेकिन, वर्तमान में पुराने भवन में अस्पताल चल रहा है, ऐसे में यहां केवल 20 बेड ही लगाए गए हैं। कुछ माह पूर्व बजट न मिलने के कारण निर्माण कार्य रुक गया था। अब बजट जारी होने के बाद काम ने दोबारा रफ्तार पकड़ ली है। नए भवन में 50 बेड लगने से मरीजों को राहत मिलेगी। वहीं, नए भवन में अल्ट्रासाउंड व लैब सहित अन्य सुविधाएं भी मरीजों को मिलेंगी। अस्पताल में चिकित्सकों और मरीजों सहित उनके तीमारदारों के लिए कैंटीन की सुविधा भी मिलेगी।
कोट्स
नए भवन को लेकर बजट जारी हो गया है। अब कार्य तेज गति से चल रहा है। मार्च माह तक नए भवन में स्वास्थ्य सुविधाएं मिलना शुरू हो जाएंगी। -डॉ. पंकज पराशर, बीएमओ, गगरेट