ऊना। डीजल के लगातार बढ़ते दामों का असर अब माल ढुलाई पर साफ दिखाई देने लगा है। ऊना से दिल्ली तक माल भेजने का ट्रांसपोर्ट खर्च अब 30 हजार रुपये तक पहुंचेगा। गगरेट ट्रक यूनियन ने एक जून से माल भाड़ा बढ़ाने का फैसला लिया है। पहले ऊना से दिल्ली तक छह पहिया ट्रक का भाड़ा करीब 26 हजार रुपये लिया जाता था लेकिन डीजल कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के चलते इसमें चार हजार रुपये तक की वृद्धि की जा रही है। जिसके चलते गगरेट से दिल्ली का भाड़ा अब 30 हजार रुपये कर दिया है। दस पहिया ट्रक का किराया 45 हजार रुपये के करीब होगा। इसके अलावा गगरेट से चंडीगढ़ तक का किराया पहले 12 हजार रुपये थे जो कि एक जून से 15 हजार रुपये कर दिया जाएगा। ट्रक यूनियन गगरेट के प्रधान सतीश गोगी ने बताया डीजल के दाम बढ़ने के चलते भाड़ा बढ़ाया गया है। डीजल महंगा होने के कारण पुराने रेट पर गाड़ियां चलाना मुश्किल हो गया है।
टाहलीवाल ट्रक यूनियन ने माल भाड़े में चार प्रतिशत बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। टाहलीवाल से चंडीगढ़ जाने वाले छह पहिया ट्रक का किराया पहले 10 हजार के करीब था, जो अब बढ़ कर 10,400 रुपये होगा। टाहलीवाल ट्रक यूनियन की बैठक में सर्वसम्मति से माल भाड़े में चार फीसदी बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया गया। यूनियन प्रधान सतीश बिट्टू ने बताया कि माल के हिसाब से किराया तय किया गया है। सभी में चार प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। टायर, स्पेयर पार्ट्स और मेंटेनेंस का खर्च भी लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में माल भाड़ा बढ़ाना मजबूरी बन गया है।
वहीं, मैहतपुर केंटर यूनियन ने फिलहाल माल भाड़े में बढ़ोतरी पर अंतिम फैसला नहीं लिया है। यूनियन पदाधिकारियों का कहना है कि 30 मई तक डीजल कीमतों की स्थिति पर नजर रखी जाएगी। इसके बाद ही नए रेट तय किए जाएंगे। हालांकि यूनियन ने यह साफ कर दिया है कि माल भाड़ा बढ़ाया जाएगा।