अंब (ऊना)। थड़ा लड़ोली में बाबा सिद्ध चानो मंदिर में दहाजा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम क्षेत्र की सुख-समृद्धि और पशुधन की भलाई के लिए गांववासियों के सहयोग से आयोजित किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान पूरी रात बाबा सिद्ध चानो महाराज का गुणगान किया गया और श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से भाग लिया।
इस अवसर पर चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू विशेष रूप से उपस्थित हुए। उन्होंने बाबा के दरबार में माथा टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में रायपुर से आए कलाकारों ने बाबा बौरा और बाबा सिद्ध चानो की झांकियां पेश कीं। इन झांकियों में हाथी की सवारी, पहाड़ी बाबा और गद्दियों का स्वांग दिखाया गया, जिसे श्रद्धालुओं ने बहुत पसंद किया।
मुख्य सेवादार हरी सिंह ने बताया कि इस दौरान क्षेत्र की सुख-शांति और पशुधन की रक्षा के लिए विशेष प्रार्थना की गई। अंत में कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सेवादारों को सम्मानित किया गया। श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का भी प्रबंध किया गया। इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।