ऊना के मैहतपुर में बाहर से आने वाले लोगों की रिपोर्ट की जांच करते हुए
- फोटो : Una
मैहतपुर (ऊना)। डेरा बाबा बड़भाग सिंह में रक्षाबंधन पर झंडा रस्म में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं को हुजूम हिमाचल-पंजाब के बॉर्डर तक पहुंच रहा है। शनिवार को मैहतपुर बॉर्डर में भारी तादाद में लोग जुट गए। ज्यादातर मालवाहक वाहनों में सवार होकर बॉर्डर तक आए थे। तैनात कर्मचारियों ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया और बसों के माध्यम से ही आगे जाने की इजाजत दी।
शनिवार को वीकेंड और रक्षाबंधन पर्व के कारण हिमाचल में प्रवेश करने वाले वाहनों की तादाद सामान्य से ज्यादा रही। इस मौके पर पुलिस कर्मियों के साथ स्थानीय नायब तहसीलदार राजन शर्मा ने भी मोर्चा संभाल कर पंजाब और अन्य राज्यों से आ रहे लोगों की कोविड रिपोर्ट और वैक्सीनेशन की डबल डोज बारे जानकारी हासिल की। इस बीच शनिवार को शाम करीब 5:40 पर पंजाब की ओर से एक ट्रक आया। इसमें 60 से 70 श्रद्धालु सवार थे। चालक नाके पर बिना रुके ट्रक को भगा ले गया, हालांकि मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने इसकी सूचना आगे चेक पोस्ट पर तुरंत भेज दी और ट्रक चालक हिमाचल में दाखिल होने में सफल गया। बाद में पुलिस कर्मी ट्रक को वापस पंजाब सीमा तक लेकर आए। अमर उजाला की टीम ने शनिवार को देखा कि हिमाचल में काफी तादाद में लोग दाखिल हुए। शनिवार को बाहर से आ रहे मालवाहक वाहनों के श्रद्धालुओं में नाके पर अपनी रिपोर्ट तो दिखाई, लेकिन मालवाहक वाहनों में आगे जाने की जिद करते रहे। इस पर तैनात कर्मचारियों ने उन्हें किसी भी सूरत में मालवाहक वाहन के माध्यम से हिमाचल में जाने की अनुमति प्रदान नहीं की।
पंजाब से आ रहे मालवाहक वाहनों में सवार श्रद्धालुओं को पंजाब सीमा पर ही उतार कर आगे का सफर केवल बसों के माध्यम से जाने की अनुमति दी। मैहतपुर बॉर्डर पर तैनात कर्मचारियों के मुताबिक बिना कोविड रिपोर्ट तथा डबल डोज वैक्सीनेशन के आए कई श्रद्धालुओं को वापस भी भेजा गया है। वहीं, एसडीएम ऊना डॉ. निधि पटेल ने कहा कि नाके पर पूरी तरह से सख्ती बरती जा रही है। विशेषकर मालवाहक वाहनों को किसी भी कीमत में हिमाचल में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है।