गगरेट (ऊना)। क्षेत्र के गगरेट-ऊना मुख्य मार्ग पर दोपहर के समय एक रिहायशी मकान में अचानक आग लग गई। घर में आग लगने से स्कूटी, एसी के बाहरी यूनिट और चार क्विंटल गेहूं सहित अन्य कीमती समान जलकर राख हो गया। घटना में करीब एक लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। घर में आग की घटना से लोगों में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही आस-पास के लोगों ने मौके पर पहुंच कर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग के कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार नरेश कुमार पुत्र ज्ञान चंद निवासी गगरेट जिला ऊना के घर में शॉर्ट सर्किट होने से चिंगारियां निकलीं और देखते ही देखते मकान में आग भड़क गई। नरेश कुमार के अनुसार घर में आग लगने से लगभग एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। नरेश कुमार ने बताया कि जिस समय आग लगी उस समय घर पर वही थे, जो अस्वस्थ होने के कारण घर में आराम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी वीना कुमारी बाजार में गई थी। जैसे ही उनकी पत्नी घर में वापस आई तो देखा घर के बरामदे में आग लगी हुई थी। देखते ही देखते घर में रखे समान में आग लग गई। गनीमत यह रही कि स्थानीय लोगों की सहायता से आग पर काबू पा लिया गया, नहीं तो आग की घटना से अधिक नुकसान भी हो सकता था। आग से नरेश कुमार की स्कूटी को भी नुकसान पहुंचा है, जबकि एसी के बाहरी यूनिट और लगभग चार क्विंटल गेहूं, सामान से भरी पेटी तथा पंखा जल कर राख हो गया। प्रशासन की तरफ से स्थानीय पटवारी अनिल कुमार ने मौके पर पहुंच कर मकान में आग लगने से हुए नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट बनाई है। उन्होंने कहा कि पीड़ित को 2000 रुपये की फौरी राहत दी गई है।