शहर में बिजली के खंभे में लगी आग पर काबू पाते विभाग कर्मी व जमा लोग । संवाद
ऊना। शहर के व्यस्त क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब जेएस प्लाजा होटल के समीप बिजली के खंभे में अचानक आग लग गई। खंभे से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पाकर संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह के समय बिजली के खंभे से अचानक चिंगारियां निकलनी शुरू हुईं, जिसके बाद आग भड़क उठी। क्षेत्र में मौजूद दुकानदार और राहगीर तुरंत सतर्क हो गए तथा मामले की जानकारी अग्निशमन विभाग को दी गई। अग्निशमन विभाग की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर नियंत्रण पा लिया।
घटना के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से कुछ समय के लिए क्षेत्र में लोगों की आवाजाही प्रभावित रही। हालांकि आग बुझाए जाने के बाद स्थिति सामान्य हो गई और लोगों ने राहत की सांस ली। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि संबंधित विभाग द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।