ऊना। जिला में सोमवार को भी गर्मी का दौर बदस्तूर जारी रहा। इस दौरान अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के पास पहुंच गया। दोपहर के समय पड़ रही तीखी धूप लोगों को गर्मी का अहसास करवा रही है।
इस दौरान लोग बाहर निकलने के गुरेज करते दिखे। वहीं पैदल जा रहे अधिकतर लोगों ने धूप से बचने के लिए छाते का इस्तेमाल किया। अभी निकट भविष्य में बारिश के कोई आसार नहीं है और इससे गर्मी भी और बढ़ेगी। जानकारी के अनुसार जिला में सोमवार को अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। गर्मी का आलम यह था कि लोगों को तीखी धूप से गुजरते समय लू चलने का भी आभास हुआ। हालांकि मौसम विशेषज्ञों की मानें तो अभी जिला में लू शुरू नहीं हुई है। मार्च माह में शुरू हुआ गर्मी का दौर न थमने से लोगों की चिंता अब बढ़ती जा रही है।
उधर, किसान भी बारिश न होने के कारण चिंतित हैं और फसल को बर्बाद होते देखने को मजबूर हो चुके हैं। किसान मनीष कुमार का कहना है कि मार्च और अप्रैल माह की शुरुआत में ऐसी गर्मी कभी नहीं देखी। कहा कि अगर बारिश न हुई तो गेहूं की फसल एक सप्ताह तक बर्बाद हो जाएगी और बेहद कम पैदावार ही नसीब होगी। वहीं, मौसम विशेषज्ञ विनोद शर्मा की मानें तो जिला में अभी बारिश की संभावना कम है और गर्मी का दौर यूं ही रहेगा। कहा कि अभी जिला में लू चलने का दौर शुरू नहीं हुआ, लेकिन तीखी धूप लोगों को परेशान कर रही है।