संवाद न्यूज एजेंसी
नारी (ऊना)। क्षेत्र के गांव नंगल सलांगडी और चलोला की सहकारी सभा में जमा धन की गड़बड़ी की बात सामने आ रही है। शुक्रवार को हुए सभा ऑडिट के दौरान इस तरह कई अनियमितताएं सामने आई हैं। हालांकि, ऑडिट की फाइनल रिपोर्ट अभी आनी बाकी है।
सभा के खाताधारकों की संघर्ष कमेटी के महासचिव मनीष शर्मा का कहना है कि सरकारी सभा में कुल 900 खाताधारक हैं। ऑडिट के दौरान लगभग 50 खाताधारक ही हाजिर हुए। उन्होंने ऑडिट की सामने आई अपुष्ट जानकारी के आधार पर दावा किया कि लाखों रुपये के फर्जी लोन खाताधारकों के नाम पर चढ़ाए गए हैं। इस दौरान खाताधारकों व गवाहों के हस्ताक्षर भी फर्जी हैं।
उन्होंने कहा कि इस फर्जीवाड़े से उपरोक्त दोनों गांवों के खाताधारकों में हड़कंप मचा है। उन्होंने कहा कि सहकारी सभा के सचिव को खातों की फिजिकल वेरीफिकेशन करने के आदेश हुए थे, परंतु वह नहीं करवा पाया।
उन्होंने दावा किया कि खाताधारक किशोरी लाल के दो लाख रुपये, विपिन कुमार के 3:30 लाख रुपये, सुरेश कुमार के 2.50 लाख रुपये, अंजू बाला के तीन लाख फर्जी लोन चढ़ाए गए हैं। ऑडिट के दौरान दो खाताधारक अपने कर्ज की रकम सुनकर सन्न रह गए।
कई खाताधारकों की अमानत जमा थी। उनके नाम भी कर्जे भर दिए गए हैं। दोनों गांव के लोगों का कहना है कि यह घोटाला नहीं महा घोटाला है। सरकार शीघ्र सचिव पर कार्रवाई करके उसे गिरफ्तार कराए। उधर, एआरओ सहकारी सभा कुलदीप शर्मा ने बताया कि सभा का ऑडिट चल रहा है। 31 मार्च को फाइनल रिपोर्ट मिलेगी। रिपोर्ट के आधार कार्रवाई अमल पर लाई जाएगी।