लोगों को करना पड़ रहा है दिक्कतों का सामना
250 मीटर दूर मुख्य सड़क तक चारपाई पर उठाकर ले जाना पड़ता है मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ूही (ऊना)। आजादी के 78 वर्ष बाद जहां हिमाचल प्रदेश विकास की राह पर अग्रसर है, वहीं जिला ऊना के गांव टकारला का लट्ठ वार्ड आज भी सड़क सुविधा से वंचित है। यहां के लोगों को आवागमन के लिए अब भी कच्चे रास्ते पर निर्भर रहना पड़ता है, जो बरसात के दिनों में बेहद दयनीय स्थिति में पहुंच जाता है।
स्थानीय निवासी जीवन लट्ठ और विनोद लट्ठ का कहना है कि इस रास्ते से उन्हें और उनके परिजनों को वर्षों से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में कई बार दो से तीन दिन तक मुख्य सड़क तक पहुंचना भी संभव नहीं हो पाता। ऐसी स्थिति में यदि कोई बीमार पड़ जाए तो मरीज को चारपाई पर उठाकर करीब 250 मीटर दूर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है। कार और टेंपो तो दूर, मोटरसाइकिल और स्कूटर तक इस रास्ते से नहीं गुजर पाते।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2020 में पंचायत ने उनके घरों के पीछे से आबादी तक सड़क निर्माण कार्य शुरू किया था। लेकिन साझी जमीन में हिस्सेदारी को लेकर कुछ लोगों की आपत्तियों के चलते यह कार्य बीच में ही रुक गया। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधीश को लिखित शिकायत भी सौंपी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य को जल्द पूरा करवाया जाए, ताकि दशकों से झेली जा रही इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके।