संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। प्रदेश सरकार की पहल जन भागीदारी से सुशासन के तहत महा क्विज प्रतियोगिता के दूसरे राउंड का शुभारंभ मंगलवार को उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ने बहडाला में किया। प्रतियोगिता सरकार की उद्योग विभाग तथा स्वरोजगार से संबंधित योजनाओं के विषय पर आधारित रही।
इस अवसर पर अपने संबोधन में बिक्रम सिंह ने कहा कि सरकार ने सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के माध्यम से जन भागीदारी से सुशासन कार्यक्रम के अंतर्गत एक महा क्विज प्रतियोगिता आरंभ की है। इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागी को माईगव हिमाचल पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवाना होगा। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विभिन्न विषयों पर कुल आठ राउंड आयोजित किए जाएंगे।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले व्यक्ति से योजना से संबंधित 10 सवाल पूछे जाएंगे तथा उत्तर देने के लिए 2 मिनट 30 सेकेंड का समय रहेगा। समय पूरा होने के पश्चात खोला गया पेज स्वयं बंद हो जाएगा। उन्होंने बताया कि क्विज के प्रत्येक राउंड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम 1,000 व्यक्तियों को 1,000 रुपये प्रति व्यक्ति पुरस्कार राशि के रूप में दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि आठ राउंड पूरे करने के बाद राज्य स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में पूर्व आयोजित आठ राउंड के प्रथम विजेता भाग लेंगे। राज्य स्तरीय महा क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागी को 51 हजार रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को 21 हजार रुपये और तीसरा स्थान हासिल करने वाले को 11 हजार रुपये पुरस्कार के रूप में प्रदान किए जाएंगे।
यह प्रश्नोत्तरी केंद्र और राज्य सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित होगी और हिंदी और अंग्रेजी भाषाओं में आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम में उद्यमियों ने उद्योग और स्वरोजगार संबंधी योजनाओं के बारे में अपने अनुभव साझा किए।
वहीं, छात्र-छात्राओं ने भी उद्योग विभाग और प्रशासन से संबंधित सवाल पूछे। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष प्रो. राम कुमार, उद्योग विभाग के संयुक्त निदेशक रमेश वर्मा, एसडीएम सदर डॉ. निधि पटेल, हरोली ब्लॉक इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश कौशल और अन्य मौजूद रहे।