ट्रिपल आईटी में सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों और निर्यात से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया
ऊना। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई) भारत सरकार की प्रोक्योरमेंट एवं मार्केटिंग सपोर्ट (पीएमएस) योजना के अंतर्गत ट्रिपल आईटी ऊना में एक राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य एमएसएमई उद्यमियों को सरकारी योजनाओं के तहत उपलब्ध खरीद अवसरों, बाजार से जुड़ने की प्रक्रियाओं तथा विभिन्न सरकारी सहायता कार्यक्रमों की जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों एवं निर्यात से जुड़े संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और एमएसएमई क्षेत्र के विकास से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर अशोक कुमार गौतम, प्रमुख कार्यालयाध्यक्ष, सूर्य कुमार भूषण, निदेशक ट्रिपल आईटी ऊना, सहित अन्य गणमान्य प्रतिनिधि विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने एमएसएमई के समावेशी विकास, सरकारी सहयोग की भूमिका तथा निर्यात की संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए। सेमिनार का समन्वय शैलेश कुमार सिंह ने किया। जबकि, शाहनी गौतम यंग प्रोफेशनल ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान किया। यह राष्ट्रीय सेमिनार उद्यमियों, एमएसएमई से जुड़े हितधारकों, छात्रों एवं पेशेवरों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुआ, जिससे उन्हें सरकारी खरीद प्रक्रियाओं, मार्केटिंग सहायता योजनाओं तथा निर्यात के अवसरों की विस्तृत एवं व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हुई।