मशीनें होने के बावजूद प्रबंधन नहीं कर पाया व्यवस्था को लागू
हर ओपीडी के बाहर लगी हैं टोकन डिस्प्ले मशीन, मरीज हो रहे परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल में इलेक्ट्रानिक टोकन डिस्प्ले मशीनों का संचालन नहीं हो पा रहा है। ऐसे में ओपीडी के बाहर मरीजों की भीड़ लगी रहती है। इस समस्या को दूर करने के लिए अस्पताल प्रबंधन ने इलेक्ट्रानिक टोकन डिस्प्ले बोर्ड लगाए हैं लेकिन इन बोर्ड का प्रयोग काफी समय नहीं किया जा रहा है। ऐसे में आए दिन ओपीडी के बाहर मरीजों में पहले पर्ची जमा करवाने को लेकर बहसबाजी के मामले भी सामने आते रहते हैं।
अस्पताल की हर ओपीडी के बाहर ई टोकन मशीन लगी हुई है। यह सुविधा शुरू होने से टोकन मशीन पर जिस नंबर को अंकित किया जाएगा, वही मरीज उपचार के लिए ओपीडी में जाएगा। इसके अलावा बाकी मरीज अपनी बारी का इंतजार कर सकेंगे। दूसरी तरफ ओपीडी के बाहर कई बार पर्ची की अदला-बदली होने के भी आरोप लगते रहे हैं। ई टोकन सुविधा शुरू होने से इस समस्या से भी निजात मिलेगी। इस सुविधा को शुरू करने के लिए कई बार रोगी कल्याण समिति की बैठकों में भी चर्चा हो चुकी है। क्षेत्रीय अस्पताल में रोजाना औसतन 400 से 500 मरीज जिले के विभिन्न हिस्सों से पहुंचते हैं। इस दौरान सबसे अधिक भीड़ जनरल ओपीडी व गायनी ओपीडी के बाहर रहती है।
कोट्स
ई-टोकन सुविधा शुरू करने के लिए जल्द ही प्रक्रिया शुरू की जाएगी। कुछ मशीनें खराब हैं। उन्हें भी जल्द ठीक करवाया जाएगा ताकि लोगों की परेशानी को कम किया जा सके।
डॉ. संजय मनकोटिया, चिकित्सा अधीक्षक क्षेत्रीय अस्पताल ऊना