नहरी पानी को खेतों तक पहुंचा पंजाब को आर्थिक तौर पर मजबूत करेंगे : भुल्लर
पंजाब के पास हरियाणा को देने के लिए पानी की एक भी बूंद नहीं : हरभजन
संवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)। हरियाणा को 8500 क्यूसिक अतिरिक्त पानी देने के मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी की ओर से 30 अप्रैल से नंगल डैम पर शुरू किया गया धरना प्रदर्शन लगातार जारी है। मंगलवार को प्रदर्शन में समर्थन देने पंजाब के विद्युत मंत्री हरभजन सिंह, लालजीत सिंह भुल्लर के अलावा कई विधायक, विभिन्न विभागों के चेयरमैन सहित पार्टी के कई पदाधिकारी पहुंचे। सभी ने एक स्वर में हरियाणा को अतिरिक्त पानी देने से साफ शब्दों में मना कर दिया। पत्रकारों से बात करते हुए पंजाब के विद्युत मंत्री हरभजन सिंह ने कहा कि पंजाब अपनी फसलों के लिए भूमिगत पानी प्रयोग कर रहा। इसके लिए किसानों को बिजली भी निशुल्क देनी पड़ती है। लेकिन, अब पंजाब में भी किसानों को सिंचाई के लिए नहरी पानी उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके लिए पंजाब सरकार ने 4500 करोड़ से अधिक पैसा खर्च किया गया।
पंजाब के परिवहन और जेल मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने कहा कि प्रदेश वासियों ने अपनी जमीन से विभिन्न डैमों व नहरों का निर्माण करवा अन्य प्रदेशों को निशुल्क पानी उपलब्ध करवाया। लेकिन, प्रदेशवासी आज भी अपनी फसलों के लिए भूमिगत पानी का प्रयोग कर रहे हैं। अब ऐसा नहीं होगा और प्रदेश के डैमों व नहरों पर पंजाब का पहला अधिकार है। 60 प्रतिशत तक का अधिकार होने के बावजूद बीबीएमबी केंद्र के इशारे पर काम कर रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।