संवाद न्यूज एजेंसी
नारी (ऊना)। क्षेत्र के धमांदरी गांव में मंगलवार दोपहर को सड़क हादसे में पांच लोग घायल हो गए। बताया जा रहा कि क्षेत्र के गांव बरेड़ा निवासी आठ लोग स्कॉर्पियो कार में सवार होकर एक धार्मिक स्थल से लौट रहे थे। इसी दौरान धमांदरी में उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय गाड़ी में कुल आठ लोग सवार थे, जिनमें से पांच को गंभीर चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव बरेड़ा माजरा पोस्ट ऑफिस डठवाड़ा जिला ऊना के कुछ श्रद्धालु डेरा ब्यास में सत्संग सुनने के लिए गए हुए थे। वापसी पर धमांदरी में एक मोड़ पर स्कॉर्पियो गाड़ी के आगे मवेशी आने से गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। गाड़ी में कुल आठ लोगों में तीन बच्चे भी थे। गाड़ी को डठवाड़ा निवासी संजीव कुमार (38) चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों में यशपाल, राम सिंह और कृष्ण कुमार ने बताया कि गाड़ी के आगे अचानक मवेशी आया। मोड पर गाड़ी नियंत्रण से बाहर होकर सड़क से नीचे पलट गई। हादसे में दो बच्चों सहित पांच लोगों को अधिक चोटें आई हैं। सभी घायल उपचाराधीन हैं। पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है।