ऊना। ई-बस सेवा शुरू हुए महज 17 दिन हुए हैं और बुधवार को हरोली ई-डिपो की ई-बस आईएसबीटी ऊना से करीब 200 मीटर पहले हांफ गई। होशियारपुर से यात्रियों को लेकर ऊना आ रही बस नगर निगम ऊना पार्क के सामने अचानक रुक गई। करीब आधे घंटे तक चालक और परिचालक बस को चलाने के लिए माथापच्ची करते रहे। इसके बाद बस दोबारा चली और आईएसबीटी पहुंच गई। इसे लेकर हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के अधिकारियों का कहना है कि ई-बस में कोई गंभीर तकनीकी खराबी नहीं आई है। इसके अचानक रुक जाने के पीछे का कारणों का पता किया जाएगा।
ई-बस में होशियारपुर से ऊना आ रहे यात्रियों ने बताया कि इस बस में पूरे रास्ते कोई परेशानी नहीं आई। ऊना बस अड्डे में पहुंचने से ठीक पहले अचानक बस रुक गई। चालक और परिचालक ने बस को आगे बढ़ाने के प्रयास किए लेकिन बस आगे नहीं बढ़ पाई। ऐसे में ई-बस से उतर कर वे पैदल ही आईएसबीटी पहुंचे।
ई-बस की बैटरी 65 फीसदी दिखाई दे रही थी लेकिन स्टार्ट करने पर आगे बढ़ने के बटन दबाने के बावजूद बस की स्क्रीन पर न्यूटल का चिन्ह आता रहा। ऐसे में ई-बस आगे नहीं चली। इस दौरान चालक ने फोन पर किसी से बात की और ई-बस में पेश आ रही दिक्कत के बारे में बताया। जिसके कुछ ही देर के बाद ई-बस चल पड़ी।
ई-बस में कोई बड़ी खराबी नहीं आई थी। बस कुछ समय के लिए रुकी थी और बाद में सामान्य रूप से चलकर आईएसबीटी पहुंच गई। ई-बस में किसी प्रकार की काेई तकनीकी खराबी नहीं आई है।
-राजेश जोशी, कार्यकारी उपमंडलीय प्रबंधक एचआरटीसी ऊना