बडूही (ऊना)। ग्राम पंचायत ठठल की ग्रामसभा में कानून-व्यवस्था, स्वच्छता और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। अब पंचायत क्षेत्र में सड़क या ग्रामीण रास्तों के किनारे कूड़ा फेंकते पाए जाने पर 2,000 रुपये जुर्माना लगाया जाएगा।
साथ ही प्रत्येक वार्ड और मोहल्ले में कूड़ेदान लगाए जाएंगे और कूड़ा एकत्र करने के लिए कर्मचारी नियुक्त किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक परिवार से एक रुपये प्रतिदिन सहयोग राशि ली जाएगी।
पंचायत ने बिना पूर्व अनुमति फेरीवालों और घुमंतू गुर्जरों के पंचायत क्षेत्र में प्रवेश पर रोक लगाने का फैसला किया है। साथ ही ग्रामीणों से स्थानीय दुकानदारों से ही खरीदारी करने की अपील की गई है।
प्रधान पुष्पेंद्र ठाकुर ने बताया कि बिना अनुमति क्षेत्र में प्रवेश करने वाले फेरीवालों और घुमंतू गुर्जरों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। किसानों से भी अपील की गई है कि वे बिना अनुमति घुमंतू गुर्जरों को अपने खेतों में ठहरने की अनुमति न दें।
पंचायत ने किन्नरों के लिए बधाई राशि 2,100 रुपये निर्धारित करने का भी निर्णय लिया। इसके अलावा जिन लोगों ने अपने यहां प्रवासी मजदूर या किरायेदार रखे हैं, उनके लिए शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने और पंचायत में सत्यापन करवाना अनिवार्य किया गया है।
प्रधान पुष्पेंद्र ठाकुर ने कहा कि इन निर्णयों का उद्देश्य पंचायत क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, स्वच्छता को बढ़ावा देना और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। पंचायत के निर्देशों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।