चिंतपूर्णी के शंभू बैरियर पर रविवार को लगा जाम।
- फोटो : Una
भरवाईं (ऊना)। मां चिंतपूर्णी के दरबार में रविवार को श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ दिखी। वहीं, तलवाड़ा बाईपास शंभू बैरियर पर एक बार फिर गाड़ियों के लिए पार्किंग की कमी खली। रविवार को यहां कई घंटे तक जाम लगा रहा। जाम ने यहां पार्किंग की समस्या को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
शंभू बैरियर पर मंदिर न्यास की ओर से चाहे श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दर्शन पर्ची काउंटर बनाया हो लेकिन आज तक शंभू बैरियर तलवाड़ा बाईपास पर मंदिर प्रशासन पार्किंग की समस्या का समाधान नहीं कर पाया है। यही नहीं शंभू बैरियर पर जाने वाली मुख्य सड़क तलवाड़ा को भी जाती है लेकिन भीड़ वाले दिन और मेलों के दिनों में यहां पूरा ट्रैफिक जाम हो जाता है।
सड़क के दोनों तरफ श्रद्धालुओं को मजबूरन अपनी गाड़ियों को खड़ा करना पड़ता है जिससे रूट पर चलने बसें भी घंटों जाम में फंस जाती हैं। ऐसा ही रविवार को भी हुआ। रविवार को श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने के कारण वाहन सड़क किनारे पार्क कर दिए गए। नतीजतन जाम लग गया।
बता दें कि शंभू बैरियर पर पार्किंग बनाने को लेकर मंदिर प्रशासन कार्य कर रहा है। प्रशासन की ओर से उचित जगह जमीन की तलाश कर रहा है लेकिन वाहनों की भीड़ के आगे शंभू बैरियर पर बनी प्राइवेट पार्किंग भी कम पड़ जाती है।