क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में कई दिन से पेयजल समस्या ने विकराल रूप धारण कर लिया है। आलम यह है कि सपौरी और नौहण गांव में करीब डेढ़ सौ घरों के नलों में पानी की एक बूंद तक नही टपकी है। इसके चलते लोग पूरी तरह से प्राकृतिक जल स्रोतों पर निर्भर होकर रह गए हैं।
लोगों में इस बात को लेकर रोष है कि ठंडा पानी पेयजल स्कीम से जब मैड़ी और नैहरियां क्षेत्र में सप्लाई को लेकर कोई समस्या नहीं है, तो उसी पेयजल योजना से छत्तबड़ टैंक से आनेवाली पेयजल आपूर्ति नौहण और सपौरी में पेयजल समस्या क्यों बनी हुई है? स्थानीय लोगों की मांग पर ग्राम पंचायत सपौरी की ओर से प्रस्ताव डालकर विभाग से मांग की गई है कि क्षेत्र में पेयजल के लिए टैंकर की व्यवस्था की जाए। पंचायत प्रधान रणबीर सिंह ने बताया कि पंचायत के सपौरी और नौहण में लगभग डेढ़ सौ से अधिक घरों की आबादी नलों में पानी न आने से बुरी तरह त्रस्त है।
पंचायत ने भी लोगों की परेशानी को देखते हुए मांग की है क्षेत्र में टैंकर से पानी की सप्लाई करवाई जाए और साथ ही छत्तबड़ टैंक से इन गांवों में पानी की सप्लाई न पहुंचने की जांच की जाए। स्थानीय निवासियों उपप्रधान वकील सिंह, पंच गुरनाम सिंह मनकोटिया, सोमा देवी, रज्जाक मोहम्मद, दर्शना देवी और राजकुमार ने मांग की है कि पेयजल आपूर्ति को सुनिश्चित बनाया जाए। उधर, इस संबंध में विभाग के एसडीओ अश्विनी धीमान ने कहा कि स्कीम में पानी का स्तर घटने से समस्या आई है। शीघ्र समस्या का हल कर दिया जाएगा।