क्षेत्र में पागल कुत्तों ने दो दिनों में करीब एक दर्जन लोगों को काट खाया है। इससे लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन से इस संबंध में कई बार कार्रवाई करने की मांग की, लेकिन कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे लोगों में प्रशासन के खिलाफ रोष है।
मंगलवार को स्थानीय लोगों में अंकुश, सुनील, राम कुमार, परमिंद्र, ऊषा और उर्मिला को कुत्तों ने काटा है जिनका पीएचसी लठियाणी में इलाज करवाया गया है। स्थानीय लोगों में सुदेश कुमार शर्मा, राकेश कुमार, प्रीतम, संजीव कुमार, ओम प्रकाश रत्न चंद, दिलबाग सिंह, रविंद्र कुमार ने कहा कि क्षेत्र में पागल कुत्तों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। दहशत इतनी बढ़ गई है कि उनका घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है।
व्यापार मंडल व संपूर्ण स्वच्छता कमेटी के प्रधान जोगेंद्र ने प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में घूम रहे आवारा व पागल कुत्तों को जल्द पकड़ने के लिए टीम को भेजा जाए। उधर, एसडीएम बंगाणा दिले राम धीमान का कहना है कि मामले की जानकारी मिली है। जल्द ही इस पर कार्रवाई की जाएगी।