हिमाचल प्रदेश स्कूल प्राध्यापक संघ ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का अनुबंध अध्यापकों को नियमित किए जाने पर आभार व्यक्त किया है। संघ के जिलाध्यक्ष विकास कुमार रत्न ने जारी एक प्रेस बयान में प्रदेश सरकार से मांग की है कि प्रदेश सरकार 31 मार्च और 30 सितंबर की नियमितीकरण की कट-डेट को समाप्त कर पांच वर्ष पूर्ण होने वाले दिन से नियमित करे तथा नियमितीकरण के समय ग्रेड पे 4200 की बजाय 5400 रुपये दिया जाए।
वहीं, पीजीटी पदनाम को तुरंत समाप्त कर स्कूल प्रवक्ता पद नाम बहाल किया जाए तथा पीएचडी, एमफिल और एमएड शिक्षकों को विशेष इंक्रीमेंट दिया जाए। उन्होंने कहा कि 4-9-14 का लाभ हर पदोन्नति पर दिया जाए। इसके अलावा पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया जाए तथा अनुबंध, पैरा शिक्षकों के पांच वर्षों से अधिक सेवाकाल का वित्तीय तथा वरिष्ठता का लाभ प्रदान करने की मांग की है। कंप्यूटर शिक्षकों को लाइब्रेरी के चार्ज से मुक्त किया जाए तथा नए स्कूलों में गणित तथा अर्थशास्त्र के पद स्वीकृत किए जाएं। वहीं, संघ के प्रदेश सचिव राजन शर्मा ने भी मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में उपप्रधानाचार्य के पद मंजूर किए जाएं। इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद बनियाल, सुदर्शन कौशल, सतपाल, राजन शर्मा, पवन चौधरी, हंसराज कुमार, अजेंद्र जसवाल, सुभाष सैणी, वीरेंद्र कपिल, सुनीता ठाकुर, संजीव सहित अन्य उपस्थित थे।