संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। ऊना में खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाने की दिशा में शनिवार को महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। जिला मुख्यालय स्थित इंडोर स्टेडियम में जिला स्तरीय ओपन जूडो चैंपियनशिप का आगाज हुआ।
प्रतियोगिता में जिलेभर से करीब 100 खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी प्रिंस पठानिया ने किया।
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में ऊना जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
जूडो एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी युवाओं को खेल से जुड़ने और खेल के माध्यम से बेहतर कॅरिअर बनाने के लिए प्रेरित किया। जिला स्तरीय जूडो एसोसिएशन के महासचिव विश्वजीत सिंह ने जूडो को ओलंपिक खेल बताते हुए कहा कि यह खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनके कॅरिअर के लिए भी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि हिमाचल सरकार की ओर से खेल कोटे के तहत 3 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई है। इसके माध्यम से खिलाड़ी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के साथ सरकारी क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से जिला और राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का लक्ष्य रखने का आह्वान किया।