जिले में 443 पात्र लोग अभी तक लंबित राशि का कर रहे इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। बीते लोकसभा एवं उपचुनाव के संपन्न होने के बाद समाप्त हुई आचार संहिता के बाद अब आपदा प्रभावित लोगों को राहत राशि की दूसरी किश्त का बेसब्री से इंतजार है। अभी तक इस राशि को प्रदेश सरकार की ओर से जारी नहीं किया गया है। ऊपर से अगले मानसून का आना भी लगभग करीब आ गया है। ऐसे में कई लोग कम राशि के बीच बीती बारिश के जख्म से उबर नहीं पाए हैं। ऊपर से दूसरी किस्त में लेटलतीफी प्रभावितों पर भारी पड़ रही है।
दूसरी किस्त न मिलने के कारण कई लोगों के धराशायी हुए मकानों के कार्य अभी तक आधे-अधूरे हैं। ऐसे में उन्हें अगली बरसात के आने का डर भी सताने लगा है। यहां बीती बरसात के प्रभावित उक्त राशि का इंतजार कर रहें हैं, तो दूसरी ओर जिन लोगों ने सड़क हादसों या फिर दुर्घटना में अपनों को खो दिया हैं, उन्हें मिलने वाली राशि भी अभी तक लंबित है। जिला प्रशासन के पास आपदा से प्रभावित लोगों की सूची में करीब 433 के करीब पात्र अपनी दूसरी राहत राशि के इंतजार में हैं। इसी प्रकार जिला के हर खंड में इक्का-दुक्का दुर्घटना या घटना के बीच अपनों को गंवा चुके पात्र परिवार भी योजना के तहत मिलने वाली चार लाख रुपये से ज्यादा की राहत राशि से महरूम हैं। यह उनके जख्मों पर नासुर का काम कर रहा है। पात्रों में नरेश कुमार, मनीष, नवीन आदि ने बताया कि सरकार जल्द से जल्द राहत राशि को जारी कर पीड़ित परिवारों को राहत प्रदान करे।
-