थानाकलां (ऊना)। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत धतोल का नया पंचायत भवन जल्द ही आम जनता को समर्पित किया जाएगा। लगभग 35 लाख रुपये की लागत से निर्मित हो रहा यह भवन अंतिम चरण में है और इसका करीब 90 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।
भवन के निर्माण से पंचायत क्षेत्र के लगभग 4,000 लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इस पंचायत भवन का शिलान्यास कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा द्वारा किया गया था।
भवन पंचायत परिसर में ही बनाया जा रहा है, जिससे पंचायत के सभी प्रशासनिक कार्य एक ही स्थान पर सुचारु रूप से संचालित हो सकेंगे और लोगों को सरकारी सेवाएं प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी। पूर्व प्रधान निर्मल कौशल ने कहा कि पंचायत भवन की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी। नए भवन के बनने से पंचायत के कार्य व्यवस्थित ढंग से होंगे और आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। सीमा शर्मा ने कहा कि पंचायत परिसर के बीचों-बीच बनने वाला यह पंचायत भवन ग्रामीणों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा।
इससे पंचायत कार्यालय तक लोगों की पहुंच आसान होगी और विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं प्रमाणपत्रों से जुड़े कार्य एक ही स्थान पर आसानी से हो सकेंगे।
खंड विकास अधिकारी केएल वर्मा ने बताया कि भवन का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। शेष कार्य भी शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा और जल्द ही इस भवन को आम जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।