भरवाईं (ऊना)। चिंतपूर्णी में पंजाब के एक व्यक्ति की सड़क से 30 फीट नीचे नाले में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान लखविंद्र सिंह(45) पुत्र प्यारा सिंह निवासी गांव रेजवा रेरु, जिला जालंधर, पंजाब के रूप में हुई। हादसा सोमवार रात को हुआ, मंगलवार सुबह किसी ने नाले में शव को देखा और चिंतपूर्णी पुलिस को सूचित किया।
चिंतपूर्णी थाना के एएसआई राजेश कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड कर्मियों की मदद से शव को नाले से निकला। पुलिस ने मृतक के कपड़ों की तलाशी तो उसमें मोबाइल फोन और पर्स मिला। पर्स में 1,858 रुपये नकदी और कुछ दवाइयों के साथ अस्पताल की एक पर्ची निकली। इस आधार पर पुलिस ने पंजाब के माइंड रिलीव अस्पताल में संपर्क साधा और मृतक की शिनाख्त लखविंद्र सिंह के तौर पर हुई। वह सोमवार को कपूरथला स्थित अस्पताल से दिमाग संबंधित दवा लेकर चिंतपूर्णी पहुंचा था। पुलिस ने बताया कि व्यक्ति का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था और दवा का सेवन करता था। ऐसा लग रहा कि रात को उसका पैर फिसला और नाले में गिर गया।
थाना प्रभारी जयराम शर्मा ने बताया कि पुलिस आधार कार्ड के पते से पंजाब पुलिस से सहयोग से परिवार वालों से संपर्क कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में जांच जारी है।