भरवाईं (ऊना)। राजस्थान से पैदल यात्रा कर मां चिंतपूर्णी के दरबार पहुंचे भक्तों ने सभी को हैरान कर दिया। राजस्थान के अजीजपुर गांव से भक्तों ने 23 जुलाई को पैदल यात्रा शुरू की और 12 अगस्त को मां चिंतपूर्णी के दरबार पहुंचे। यात्रा में कुल छह लोग शामिल हैं जिन्होंने अपनी श्रद्धा और भक्ति का अनोखा उदाहरण पेश किया। मां चिंतपूर्णी के दरबार पहुंचने पर पुजारी बारीदार सभा के प्रधान रविंद्र छिंदा, पुजारी भूषण कालिया, जीत लाल कालिया ने भक्तों को माता रानी की चुनरी और प्रसाद भेंट कर सम्मान दिया। पुजारी बारीदार सभा ने इन भक्तों के रहने और खाने का भी इंतजाम किया। बरसात के मौसम में भी भक्तों की आस्था डगमगाई नहीं और लगातार पैदल यात्रा करते रहे। इन सभी भक्तों की उम्र 60 से 70 साल के बीच है। भक्तों ने बताया कि माता रानी की कृपा से ही उन्होंने यात्रा शुरू की और मंगलवार को मां चिंतपूर्णी के दरबार में पहुंचकर आशीर्वाद लिया। इन छह लोगों में से एक श्रद्धालु राजस्थान से चिंतपूर्णी मंदिर की दंडवत यात्रा भी कर चुका है। सभी माता रानी के भक्त एक ही गांव के रहने वाले हैं और खेतीबाड़ी करते हैं।