चिंतपूर्णी में रविवार को व्यवस्था बनाने में जुटा पुलिस कर्मी। जनसैलाब के बीच मात्र चंद पुलिस कर?
- फोटो : Una
भरवाईं (ऊना)। असूज नवरात्र के समापन के बाद भी चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं का आना जारी है। रविवार को संक्रांति पर मां चिंतपूर्णी के दरबार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं की भीड़ के आगे मंदिर प्रशासन भी बेबस दिखा। मात्र चंद पुलिस कर्मियों के हवाले व्यवस्था रही। इससे श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
रविवार तड़के चार बजे श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खोले गए। मंदिर खुलते ही श्रद्धालुओं की कतारें दर्शनों को लगना शुरू हो गईं। श्रद्धालुओं की डबल लाइन दोपहर तीन बजे तक लुधियाना सराय से भी आगे तक लगी रही। कुछ श्रद्धालु चंद मिनटों में मां के दर्शन कर गए तो कुछ दर्शन पर्ची लेकर लाइन में लगे श्रद्धालुओं को माता रानी के दर्शन करने के लिए डेढ़ से दो घंटे से ज्यादा समय लगा। भीड़ को देखकर कई श्रद्धालु बिना दर्शन किए ही लौट गए।
रविवार को श्रद्धालुओं के जन सैलाब के आगे एक बार फिर मंदिर प्रशासन बेबस नजर आया। पिछले काफी समय से देखने में आ रहा कि चिंतपूर्णी मंदिर में जब श्रद्धालुओं की भीड़ ज्यादा होती तो मंदिर प्रशासन का सारा सिस्टम फेल हो जाता है। बीते शनिवार को भीड़ के बाद रविवार को अधिक भीड़ होने की उम्मीद जताई जा रही थी। बावजूद इसके मंदिर प्रशासन व्यवस्था बना पाने में सफल नहीं रहा। लाइनों में लगे बुजुर्ग और गोद में छोटे बच्चों को लेकर खड़ी महिलाओं को मंदिर प्रशासन की अव्यवस्था झेलनी पड़ी।
रविवार को भीड़ के बावजूद चिंतपूर्णी पुलिस थाने के चंद पुलिस कर्मी बाजार और मंदिर में व्यवस्था बनाते नजर आए। भीड़ के चलते मंदिर रोड पर सारा दिन वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध रहा। रविवार को लिफ्ट के आगे भी काफी देर तक भक्तों का जमघट देखने को मिला। बाद में पुलिस प्रशासन ने लिफ्ट के आगे खड़े सभी श्रद्धालुओं को कड़ी मशक्कत के बाद हटाया। मंदिर अधिकारी रोहित जालटा ने बताया कि रविवार को इतनी ज्यादा भीड़ बढ़ेगी, इसकी उम्मीद नहीं थी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर सुबह चार बजे खोल दिया गया था। बताया कि लिफ्ट वाली साइड भक्तों की भीड़ इकट्ठी हो गई थी। जिसे बाद में पुलिस प्रशासन की मदद से हटाया गया। कहा कि अतिरिक्त पुलिस की तैनाती का जिम्मा पुलिस प्रशासन का है।
15 हजार ने किए दर्शन
रविवार शाम तक 15 हजार श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए। श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला लगातार जारी रहा। बीते शनिवार को 11,800 श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन किए।
--
चिंतपूर्णी में रविवार को माता रानी के दर्शनों को लगी कतारें।- फोटो : Una
चिंतपूर्णी में लिफ्ट की तरफ लगी श्रद्धालुओं की भीड़- फोटो : Una