बड़ूही (ऊना)। ग्राम पंचायत चौआर में पारिवारिक विवाद सुलझाने पहुंचे पंचायत उपप्रधान के साथ कथित मारपीट का मामला अब दोतरफा शिकायतों में बदल गया है। उपप्रधान की शिकायत पर पुलिस ने एक महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। वहीं, महिला ने भी डीएसपी अंब को शिकायत देकर उपप्रधान समेत तीन लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट, धमकी देने और अभद्र व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्राम पंचायत चौआर के उपप्रधान सुखदेव सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 23 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे तरसेम लाल पुत्र मक्खू लाल ने उन्हें फोन कर अपने घर बुलाया था। बताया गया कि तरसेम लाल की बहू प्रवीण कुमारी उर्फ ज्योति पत्नी अजय कुमार घर में विवाद कर रही थी।शिकायत के अनुसार, सुखदेव सिंह अन्य पंचायत सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचे। इसी दौरान प्रवीण कुमारी ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की और थप्पड़ मारे। उपप्रधान की शिकायत के आधार पर पुलिस ने महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। दूसरी ओर, महिला प्रवीण कुमारी ने 24 अगस्त को डीएसपी अंब को दी शिकायत में पूरे घटनाक्रम का अलग पक्ष रखा है। महिला का आरोप है कि 23 अगस्त की रात करीब 8 बजे सुखदेव सिंह, तरसेम लाल और चेतराम शराब के नशे में उसके घर पहुंचे और उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। महिला के मुताबिक, विरोध करने पर सुखदेव सिंह कथित तौर पर उसे पकड़कर घर से बाहर खींचने लगा और तीनों ने उसके साथ हाथापाई व मारपीट की। महिला ने बताया कि उसने किसी तरह खुद को कमरे में बंद कर अपनी सुरक्षा की। आरोप है कि इसके बाद भी तीनों लोग कमरे के बाहर से उसे धमकाते रहे।
महिला ने बताया कि उसने पंचायत प्रधान को फोन कर घटना की जानकारी दी। शिकायत के अनुसार, प्रधान मौके पर पहुंचे और उन्होंने महिला के शरीर पर खरोंचों के निशान भी देखे। इसके बाद महिला ने अपने मायके वालों को घटना की जानकारी दी। महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपी उसे पहले भी परेशान करते रहे हैं तथा उसके साथ छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार किया जाता है। महिला ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पुलिस रात करीब 12 बजे उसके घर पहुंची लेकिन मारपीट की शिकायत के बावजूद उचित कार्रवाई नहीं की गई और उसका मेडिकल भी नहीं करवाया गया। महिला ने डीएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर उचित कानूनी कार्रवाई और न्याय दिलाने की मांग की है।
डीएसपी बोले, दोनों पक्षों की शिकायतों की होगी निष्पक्ष जांच
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि महिला ने उपप्रधान सहित दो अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दी है। शिकायत को आगामी कार्रवाई के लिए संबंधित थाना भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।