कहा-सरकार जरूरतमंदों की मदद के प्रति गंभीर
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री राहत कोष के तहत गरीब और वंचित व्यक्तियों को वित्तीय सहायता का वितरण किया। उन्होंने 25 लाभार्थियों को कुल 13.60 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की। अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल सरकार जरूरतमंदों की सहायता के प्रति अत्यंत गंभीर है। अग्निहोत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष का उद्देश्य गरीब व्यक्ति को राहत प्रदान करना है। हमने यह सुनिश्चित किया है कि किसी भी संकट की स्थिति में लोगों को एक संरक्षक की तरह सरकार का सहारा मिले। जब कभी भी किसी व्यक्ति को आपदा, बीमारी या अन्य संकट का सामना करना पड़ता है, तो हमारी सरकार उसके साथ खड़ी है और उन्हें त्वरित आर्थिक सहायता प्रदान करती है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंदों की मदद करने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। सरकार की तमाम योजनाएं न केवल संकट में फंसे लोगों की वित्तीय स्थिति को सुधारने पर केंद्रित हैं बल्कि समाज में एक बेहतर और समृद्ध भविष्य के निर्माण के लिए भी लक्षित हैं।