जिला अस्पताल में एक 27 वर्षीय युवक में डेंगू के लक्षण पाए गए हैं। पीड़ित का अस्पताल में उपचार जारी है। जानकारी के मुताबिक सरकाघाट निवासी रमन को जब बुखार की शिकायत हुई तो वह अपने भाई के साथ उपचार के लिए ऊना अस्पताल पहुंचा।
पीड़ित युवक रमन पंजाब के जालंधर में नौकरी करता है। रमन को जालंधर में बुखार की शिकायत हुई। स्थानीय स्तर पर उपचार लेने पर जब कोई फर्क नहीं पड़ा तो पीड़ित अपने भाई के पास रहने के लिए ऊना आ गया। ऊना पहुंचने पर रमन के स्वास्थ्य की जांच ऊना अस्पताल में करवाई गई, जहां चिकित्सकों ने पीड़ित का चेकअप किया और डेंगू के लक्षण पाए जाने पर अस्पताल में भर्ती कर लिया।
वहीं, डेंगू के लक्षण पाए जाने पर पीड़ित के रक्त के नमूनों की जांच भी की जा रही है। रमन मूलत: सरकाघाट का रहने वाला है, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर उसे ऊना अस्पताल में ही दाखिल करवाया गया है। गौरतलब है कि जिला ऊना में डेंगू के अब तक दस मामले आ चुके हैं। इनमें से ज्यादातर बाहरी राज्यों में ही मरीज डेंगू की चपेट में आए हैं। अस्पताल में आईसोलेशन वार्ड में उपचाराधीन चल रहे दो मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। उधर, सीएमओ ऊना डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि युवक में डेंगू के लक्षण पाए गए हैं, जिसके चलते उसके रक्त के नमूने भी लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही युवक में डेंगू होने की पुष्टि की जा सकती है। फिलहाल, डेंगू का कोई मामला नहीं है। डेंगू के लक्षण पाए जाने वाले रोगियों को आइसोलेशन वार्ड में उपचार दिया जा रहा है।