मुबारिकपुर (ऊना)। पिछले लंबे समय से गगरेट विस क्षेत्र के घनारी में तहसील कार्यालय और गगरेट में एसडीएम कार्यालय तक पहुंचने में लिए लोगों को नियमित बस सेवा नहीं मिल रही है।
स्थानीय विधायक और प्रशासन ने भी आमजन की सुविधा को लेकर कोई ध्यान नहीं दिया है। बता दें कि गगरेट विस क्षेत्र के रामनगर, नकड़ोह, कैलाशनगर, गोंदपुर बनेहड़ा, कुनेरन, ब्रह्मपुर, फतेहपुर, भद्रकाली, अभयपुर, डंगोह आदि गांवों के लोग हर रोज अपने राजस्व तथा अन्य विकास कार्य करवाने के लिए घनारी तथा गगरेट जाते हैं।
इन गांवों से कोई भी सीधी बस सेवा इन कार्यालयों के लिए नहीं है तथा लोगों को वाया दौलतपुर चौक या मुबारिकपुर होकर बसें बदल कर जाना पड़ता है।
क्षेत्र के गांवों के लोगों संदीप, सोढी, राकेश, गोगा, सुरेश शर्मा , राज कुमार, विजय, सुनील का कहना है कि एक दशक पहले पहले हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस दौलतपुर चौक-अंब वाया गोंदपुर बनेहड़ा, नकड़ोह (बिल्लू दी तलाई) कर चला करती थी।
निगम द्वारा गोंदपुर बनेहड़ा अपर सड़क तंग होने के कारण बस सेवा बंद कर दी गई थी। लोगों ने हैरानी जताई कि क्षेत्र में चल रहे निजी स्कूलों की दर्जनों बसें बनेहड़ा-भद्रकाली लिंक सड़क से होकर गुजरती हैं लेकिन आमजन की मांग की अभी तक अनदेखी हुई है।
क्षेत्र के लोगों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा परिवहन मंत्री से गुहार लगाई है कि निगम की सीधी बस सेवा दौलतपुर चौक-गगरेट वाया भद्रकाली, गोंदपुर बनेहड़ा, घनारी शुरू की जाए। बस सेवा शुरू होने से लोगों को आने जाने में सुविधा होगी। साथ ही समय और धन की भी बचत होगी।