ऊना। हिमाचल प्रदेश में अनुसूचित जाति, जनजाति विकास निधि विशेष कानून बनाने की मांग को लेकर निकाली जा रही सामाजिक न्याय यात्रा ऊना जिला के नंगड़ा पहुंची। इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें कानून निर्माण को लेकर रणनीति और जनसमर्थन जुटाने पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक का आयोजन डॉ. बीआर आंबेडकर मिशन-अनुसूचित जाति कल्याण समिति के जिला प्रधान एवं सेवानिवृत्त डीएसपी चमल भाटिया के समन्वय और मार्गदर्शन में किया गया।
जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष बलराम महे तथा नेशनल दलित मूवमेंट फॉर जस्टिस के राज्य संयोजक राजकुमार महे ने भी भाग लिया। बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों ने निर्णय लिया कि सामाजिक न्याय यात्रा के तहत गांव-गांव जाकर हर घर दस्तक अभियान चलाया जाएगा। इसके माध्यम से लोगों से हस्ताक्षर करवाकर सहमति ली जाएगी और संबंधित विधायकों के जरिए मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन में मांग की जाएगी कि राज्य सरकार अपने चुनावी घोषणा पत्र के अनुरूप हिमाचल प्रदेश में अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास निधि कानून बनाने की प्रक्रिया जल्द शुरू करे।