संवाद न्यूज एजेंसी
नंदपुर (ऊना)। पशुपालन विभाग में पशु मित्र के चयन के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अंब के खेल मैदान में शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन किया गया।
यह परीक्षा नायब तहसीलदार एवं अध्यक्ष उपसमिति शारीरिक दक्षता परीक्षा की देखरेख में संपन्न हुई। परीक्षा की वीडियोग्राफी भी करवाई गई।
परीक्षा के लिए कुल 67 आवेदकों ने फॉर्म भरा था। इसमें से केवल 46 अभ्यर्थियों में 36 पुरुष और 10 महिलाएं उपस्थित हुए।
वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश शर्मा ने बताया कि परीक्षा में कुल 14 पुरुषों और पांच महिलाओं ने सफलता प्राप्त की।
इन अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया के अगले चरण में दस्तावेज सत्यापन और मेरिट निर्धारण के आधार पर अंतिम चयन सूची तैयार की जाएगी।
आयोजन में शिक्षा विभाग के शारीरिक शिक्षा शिक्षकों, मेडिकल टीम और पुलिस कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर उपमंडल अधिकारी पारस अग्रवाल और सहायक उपनिदेशक डॉ. दिनेश परमार ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।